दुर्ग, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बावापारा में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही तीन गायों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक यह घटना रात करीब 9:30 बजे की है।
पउवारा से उतई की ओर जा रहे टाटा 1109 ट्रक (क्रमांक CG08L2489) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे बैठी गायों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गायों के पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। इस मामले में कामता महिपाल (40 वर्ष), जो आदर्श नगर उतई के निवासी हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे बाद में पकड़ लिया। ट्रक में लकड़ी लोड थी, जिसे जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
