कोरबा, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ कोरबा और जिला शतरंज एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से मेगा शतरंज चैंपियनशिप-कोरबा का आयोजन सीनियर क्लब, सीएसईबी कोरबा में किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-11 और ओपन वर्ग सहित विभिन्न आयु वर्गों के कुल 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएसपीएम के मुख्य अभियंता संजीव कंसल और अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल ने शतरंज बोर्ड पर पहली चाल चलकर किया। इस अवसर पर संजीव कंसल ने शतरंज को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया, वहीं विक्रम अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए आगे बढ़ने के लिए सहायता देने की बात कही। रोटरी क्लब अध्यक्ष सतनाम सिंह मल्होत्रा ने भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता से बच्चों में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी। उन्होंने खिलाड़ियों से शिक्षा के साथ खेल क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष आर.एल. विश्वकर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से ही बच्चे प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ग्रैंड मास्टर स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी है। नगर निगम कोरबा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
प्रतियोगिता के ओपन पुरुष वर्ग में आलोक सिंह क्षत्री ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि तुहिन हलधर द्वितीय और ओम वर्मा तृतीय रहे। ओपन महिला वर्ग में जैस्मिन कौर प्रथम, सिद्धि शरत द्वितीय और पद्मप्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में बेस्ट स्कूल अवार्ड न्यू ईरा प्रोग्रेसिव स्कूल कोरबा, दिल्ली पब्लिक स्कूल एनटीपीसी और सैनिक स्कूल अंबिकापुर को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट पुलिस शतरंज खिलाड़ी का पुरस्कार पी. रेयांश और राघव मिश्रा को मिला। फिजिकल चैलेंज प्रतिभागी विकास असरानी को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रभाकर सिंह, मनोज साहू, देवेंद्र राठौर, विमल मानिकपुरी, एमसी सोनी, संतराम यादव, अजय, अशुतोष तिवारी, एलएन श्रीवास, रितेश यादव, राजेश सिंह और उद्घोषक एसके सोनी सहित सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

