KORBA : न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में अलंकरण समारोह सम्पन्न, छात्र परिषद को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ - vedantsamachar.in

KORBA : न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में अलंकरण समारोह सम्पन्न, छात्र परिषद को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

कोरबा, 20 जुलाई (वेदांत समाचार)। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में सोमवार को सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के गठन के अवसर पर गरिमामय अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट एल. गौतम रहे। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर बैज और सैश पहनाए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्र परिषद के लिए चयनित पदाधिकारियों का औपचारिक अलंकरण किया गया। आर्यन अग्रवाल (कक्षा 12-ए) को हेड बॉय तथा हर्षिता बागले (कक्षा 12-ए) को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। छात्र परिषद के विभिन्न पदों पर कुल 78 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना का परिचय दिया। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि एल. गौतम ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता अपने आचरण और कार्यों से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करता है तथा विद्यालय में विकसित नेतृत्व क्षमता भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वहीं डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू ने विद्यार्थियों को टीम भावना, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य डी. एस. राव ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर उप प्राचार्या कीर्ति हर्रिट, अकादमिक डीन ऋतेश राय, हेड मास्टर जगजीत सिंह भट्टी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।