घर की छत पर युवक की ईंट और हंसिया से हत्या, दो आरोपी हिरासत में - vedantsamachar.in

घर की छत पर युवक की ईंट और हंसिया से हत्या, दो आरोपी हिरासत में

बिलासपुर,19 जुलाई 2026। थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, अकलतरी के रूप में हुई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इंद्रप्रकाश की उसके ही घर की छत पर ईंट और धारदार हंसिया से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सनी ईंट तथा एक धारदार हंसिया बरामद किया गया है। मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

पुलिस ने मामले में ग्राम अकलतरी निवासी अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष), पिता सुरेश सोनवानी तथा सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), पिता दिलेश सोनवानी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी नशे की हालत में मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रारंभिक तौर पर बताया है कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में रखकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के पूरी तरह सामान्य होने के बाद घटना के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।