बिलासपुर रेलवे कॉलोनी में चोरी की कोशिश करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, दिल्ली-यूपी के आरोपी निकले शातिर; कई राज्यों में दर्ज हैं मामले - vedantsamachar.in

बिलासपुर रेलवे कॉलोनी में चोरी की कोशिश करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, दिल्ली-यूपी के आरोपी निकले शातिर; कई राज्यों में दर्ज हैं मामले

बिलासपुर, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर पुलिस ने रेलवे कॉलोनी के सूने मकानों को निशाना बनाने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

तारबाहर थाना पुलिस के अनुसार यह मामला अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने 30 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रेलवे विभाग में प्यून के पद पर कार्यरत है तथा रेलवे कॉलोनी स्थित बंगला नंबर पीवी/10 की देखरेख करता है। बंगले में रहने वाले वरिष्ठ अधिकारी का तबादला जबलपुर हो जाने के कारण वे 20 मार्च 2026 को परिवार सहित घर में ताला लगाकर चले गए थे।

29 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने बंगले का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी चोरी के एक अन्य मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (32 वर्ष), निवासी मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा हासिम (24 वर्ष), निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी सूने मकानों की पहले रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी दोनों आरोपियों पर चोरी के अपराध दर्ज हैं।

तारबाहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से रेलवे कॉलोनी और शहर में सक्रिय अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।