रेलवे ट्रैक किनारे गंभीर हालत में मिली युवती की गुत्थी बरकरार, परिजन जनदर्शन पहुंचे; प्रशासन ने जांच और बेहतर इलाज के दिए निर्देश - vedantsamachar.in

रेलवे ट्रैक किनारे गंभीर हालत में मिली युवती की गुत्थी बरकरार, परिजन जनदर्शन पहुंचे; प्रशासन ने जांच और बेहतर इलाज के दिए निर्देश

मुंगेली,15 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली एक युवती का मामला अब रहस्य बनता जा रहा है। युवती की पहचान होने के बाद उसके परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं जनदर्शन में घायल युवती को वाहन से लाए जाने पर प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल उपचार और मामले की जांच के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के कुआगांव निवासी करीब 30 वर्षीय रागिनी कश्यप अपने पति से अलग रहकर बिलासपुर के एक निजी होटल में काम करती थी। इसी बीच 10 जुलाई को खोडरी रेलवे ट्रैक के पास वह खून से लथपथ और अचेत अवस्था में मिली। सूचना पर रेलवे पुलिस ने उसे अज्ञात मानते हुए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार शुरू हुआ। पहचान नहीं होने के कारण वह कई दिनों तक अज्ञात मरीज के रूप में अस्पताल में भर्ती रही।

बाद में बिलासपुर की एक सामाजिक संस्था ने घायल महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके बाद परिजनों तक सूचना पहुंची और वे अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि रागिनी के शरीर पर गंभीर चोटें, कई स्थानों पर टांके तथा हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद उसे पूरी तरह स्वस्थ हुए बिना अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायल बेटी को लेकर परिजन सीधे मुंगेली कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे। युवती की हालत इतनी गंभीर थी कि वह वाहन से उतर भी नहीं पा रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही एडीएम निष्ठा पांडेय तिवारी स्वयं वाहन तक पहुंचीं और पीड़िता व उसके परिजनों से पूरी जानकारी ली। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडीएम ने तत्काल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को मामले की सभी पहलुओं से जांच करने को कहा।

परिजनों का आरोप है कि रागिनी किसी गंभीर अपराध की शिकार हुई है। उनका कहना है कि शरीर पर मौजूद चोटों की प्रकृति सामान्य दुर्घटना से कहीं अधिक गंभीर प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि युवती के साथ मारपीट या अन्य वारदात के बाद उसे रेलवे ट्रैक के पास छोड़ दिया गया हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी एजेंसी ने आधिकारिक रूप से अपराध की पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल रागिनी का उपचार जिला अस्पताल मुंगेली में जारी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि मामला रेल हादसे का है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना छिपी हुई है। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पूरे मामले पर अब लोगों की नजर पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है।