रायगढ़ से बड़ी खबर : धरमजयगढ़ के क्रोंधा देवमारीडांड में दंपति के जले हुए शव मिले, हत्या का मामला दर्ज, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस - vedantsamachar.in

रायगढ़ से बड़ी खबर : धरमजयगढ़ के क्रोंधा देवमारीडांड में दंपति के जले हुए शव मिले, हत्या का मामला दर्ज, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़, 15 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर वृद्ध दंपति के जले हुए शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान मंगल राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और धरमजयगढ़, कापू व रैरूमाखुर्द थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतक के यहां पिछले करीब तीन वर्षों से काम कर रहे रामलाल चौहान (35 वर्ष) ने बताया कि वह 14 जुलाई की शाम रोजाना की तरह काम खत्म कर अपने घर चला गया था। उस समय घर में केवल मंगल राठिया और उनकी पत्नी मौजूद थे।

बुधवार सुबह करीब छह बजे जब वह काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे और एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे के बाहर से देखने पर उसने मंगल राठिया का जला हुआ शव जमीन पर पड़ा देखा। पास ही उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया का भी जला हुआ शव मिला। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

धरमजयगढ़ पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, डॉग स्क्वॉड की मदद और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह दोहरे हत्याकांड की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।