रायपुर, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर शव को महानदी तट स्थित श्मशान घाट के पास फेंक दिया था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को ग्राम पारागांव स्थित महानदी तट के श्मशान घाट के पास एक महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान रूकमणी सोनवानी के रूप में हुई। शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37 वर्ष), पिता गरजा सिंह, मूल निवासी पंजाब एवं वर्तमान निवासी ग्राम मुढ़ीपार, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के साथ पिछले छह से सात वर्षों से प्रेम संबंध था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने मृतका को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देख लिया। इसी बात को लेकर उसने मृतका के चरित्र पर संदेह जताते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने धारदार कड़े तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरंग थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर 15 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या का कारण प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

