कवर्धा, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में लोहारा पुलिस ने आयुर्वेदिक डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिला संबंधी गंभीर अपराध में कबीरधाम पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना लोहारा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने उपचार के बहाने उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान साक्ष्य एकत्रित कर पुलिस ने 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

