जांजगीर-चांपा, 13 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिला पंचायत को नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में श्री विनय कुमार पोयाम मिल गए हैं। सोमवार को उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण के दौरान जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार संभालने से पहले श्री विनय कुमार पोयाम ने कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रशासनिक कार्यों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थ सीईओ ने जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेनो कक्ष, आवक-जावक शाखा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), विकसित भारत-जी राम जी शाखा, सामाजिक अंकेक्षण शाखा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शाखा, पंचायत कक्ष, समाज कल्याण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान श्री पोयाम ने सभी शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आम नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ लेखाधिकारी रूपेश पाठक, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला पंचायत के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

