जांजगीर-चांपा, 13 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस ने जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक ही दिन में बिना नंबर प्लेट चल रही 42 मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराना था। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना जांजगीर, थाना चांपा और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान थाना कोतवाली जांजगीर के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता की टीम ने बिना नंबर प्लेट चल रही 35 मोटरसाइकिलें जब्त कीं, जबकि थाना चांपा के प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इस प्रकार कुल 42 वाहनों को जब्त कर संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे अपराधों की जांच में भी कठिनाई होती है। ऐसे वाहनों का उपयोग कई बार आपराधिक गतिविधियों में भी किया जाता है, इसलिए इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जा रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

