सारंगढ़, 13 जुलाई। अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय के साथ ही उलखर-कोसीर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी ग्राम पंचायत सुलौनी के मुख्य मार्ग स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप धरना-प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया। धरने का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश श्रीवास ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। कांग्रेस नेताओं ने मामले में पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, जनपद पंचायत सदस्य रोहित महिलाने एवं सतीश अजय, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री हेमंत चंद्रा, पूर्व बीडीसी शंकर चौहान, हेमलाल चंद्रा, भागीरथी, साधुराम, छोटेलाल देव निषाद, रामकुमार चंद्रा, रामकुमार श्रीवास, लक्ष्मी माली, प्रेम बसंत, भुवनेश्वर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

