त्रिलोक बंसल बने बेमेतरा के नए पुलिस अधीक्षक, संभाला पदभार; बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस - vedantsamachar.in

त्रिलोक बंसल बने बेमेतरा के नए पुलिस अधीक्षक, संभाला पदभार; बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस

बेमेतरा, 13 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले को नया पुलिस अधीक्षक (SP) मिल गया है। वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी त्रिलोक बंसल ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू से कार्यभार संभाला। वहीं, रामकृष्ण साहू अब पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान DIG रामकृष्ण साहू और नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने एक-दूसरे का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर रामकृष्ण साहू ने बेमेतरा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि नई नेतृत्व टीम को भी सभी का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले शासन, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों और मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल का स्वागत किया। इसके बाद रामकृष्ण साहू ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों की विस्तृत जानकारी देते हुए औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।

पदभार संभालने के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिला पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक लेकर जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आम जनता के साथ संवाद को मजबूत करने तथा शिकायतों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

त्रिलोक बंसल वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। इससे पहले वे रायपुर, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, कोंडागांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) सहित कई महत्वपूर्ण जिलों और इकाइयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न जिलों में प्रशासनिक अनुभव और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उनके अनुभव को देखते हुए बेमेतरा में भी उनसे प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद की जा रही है।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू, डीएसपी शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, सोनल ग्वाला, मयंक मिश्रा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।