कोरबा, 13 जुलाई। एसईसीएल में कार्यरत वाहन ठेकेदारों एवं संचालकों के संगठन कोयलांचल परिवहन संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को होटल जश्न रिसोर्ट में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा वाहन संचालकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में अध्यक्ष पद पर पी. विजयराव, उपाध्यक्ष पद पर कमरुल हसन, सचिव पद पर मनीष कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष पद पर राम मिलन असाटी तथा मीडिया प्रभारी पद पर अमरीक सिंह (रिंकू) का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और एसईसीएल में कार्यरत सभी वाहन संचालकों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि संघ का प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों से मुलाकात कर वाहन संचालकों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराएगा तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक पहल करेगा। इसके अलावा परिवहन व्यवसाय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रोहित राठौर, नरेश दास महंत, एच.सी. त्रिपाठी, प्रशांत शर्मा, धीरेंद्र तिवारी, साजिद खान, जुल्फिकार अली, ललित झा, तबरेज खान, ओम प्रकाश यादव, धर्मेंद्र गुप्ता, जनता डेंटिंग सहित बड़ी संख्या में वाहन संचालक एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

