धमतरी में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह शुरू, 14 वर्ष की बालिकाओं को 18 जुलाई तक निःशुल्क लगेगा जीवनरक्षक टीका - vedantsamachar.in

धमतरी में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह शुरू, 14 वर्ष की बालिकाओं को 18 जुलाई तक निःशुल्क लगेगा जीवनरक्षक टीका

रायपुर, 13 जुलाई। सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी जिले में सोमवार से विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह की शुरुआत हुई। 13 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क HPV वैक्सीन लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (HWC), चयनित विद्यालयों तथा निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है, इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण आवश्यक है।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी माता-पिता एवं अभिभावकों से अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान देने के बजाय स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर भरोसा किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।