बीजापुर, 12 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के घने जंगलों में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने एंड्री गांव के जंगल से नक्सलियों के 8 छिपे हुए डंप बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, 202 कोबरा और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आईईडी बनाने की सामग्री, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, विस्फोटक, रेडियो सेट, मेडिकल सामग्री, इलेक्ट्रिक उपकरण समेत नक्सलियों के उपयोग की 69 प्रकार की सामग्री जब्त की।
अधिकारियों के अनुसार, इनका इस्तेमाल भविष्य में बड़े नक्सली हमलों की तैयारी के लिए किया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, एंड्री और आसपास का क्षेत्र कभी नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों के कारण यहां नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आई है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
सुरक्षाबलों ने कहा कि आसूचना आधारित अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य क्षेत्र को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाकर विकास कार्यों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

