अयोध्या, 12 जुलाई । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी के मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव किए हैं। ट्रस्ट ने फिलहाल वीआईपी पास जारी करने की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी है। इसके साथ ही मंदिर परिसर की सुरक्षा, दान राशि की निगरानी और बैंकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी के अनुसार, जिन अधिकारियों की आईडी के माध्यम से वीआईपी पास जारी किए जाते थे, उनके इस्तीफा देने के कारण फिलहाल यह व्यवस्था प्रभावित हुई है। पहले आवश्यकता के अनुसार बड़ी संख्या में वीआईपी पास जारी किए जा सकते थे, लेकिन नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होने तक इस प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। हालांकि ट्रस्ट के ट्रस्टी दिनेंद्र दास के पास आवश्यक प्रशासनिक अधिकार यथावत हैं।
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद ट्रस्ट ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक हाईटेक बना दिया है। दान राशि की गणना वाले स्थान पर 13 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा सके। इसके अलावा दान पेटियों को मंदिर परिसर से गणना केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 27 अतिरिक्त एसआईएस सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। नई व्यवस्था के तहत दान राशि की गणना के दौरान अधिकृत 43 लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
दान राशि की गणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाली यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही पूरी गणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की संभावना को समाप्त किया जा सके।
ट्रस्ट ने बैंकिंग व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब मंदिर से जुड़े किसी भी बैंक लेनदेन के लिए अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, मुख्य अभियंता जगदीश आफले और चार्टर्ड अकाउंटेंट चंदन राय के संयुक्त हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। पहले यह प्रक्रिया डिजिटल हस्ताक्षरों के माध्यम से संचालित की जाती थी, लेकिन अब अतिरिक्त सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की गई है।
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि हालिया घटनाक्रम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और अधिकांश लोग अब डोनेशन काउंटर या ट्रस्ट कार्यालय में विधिवत रसीद प्राप्त कर दान देना पसंद कर रहे हैं। ट्रस्ट का कहना है कि इससे दान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है।
इधर, राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी नव नियुक्त एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्रा ने संभाल ली है। ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दान व्यवस्था की पारदर्शिता और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

