CG BREAK: मछली चोरी की रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, स्कॉर्पियो से बाइक को मारी टक्कर....लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट - vedantsamachar.in

CG BREAK: मछली चोरी की रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, स्कॉर्पियो से बाइक को मारी टक्कर….लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर, 12 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। नवागांव में शनिवार रात हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि मछली चोरी के विवाद को लेकर आधा दर्जन आरोपियों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले में तीरिथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात तीरिथ यादव और श्याम सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक गिरते ही आरोपियों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले से बचने के लिए तीरिथ यादव खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोपियों ने खेत में घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर चोट लगने के कारण तीरिथ यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले मछली चोरी का वीडियो बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मोबाइल तोड़ने की शिकायत भी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हालांकि पुलिस का मानना है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई थी और उसी का बदला लेने के लिए इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, घटना के बाद नवागांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।