कोरबा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, खरमोरा में शनिवार को नर्सरी कक्षा के नन्हे विद्यार्थियों का प्रथम प्रवेश उत्साह, उल्लास और गर्मजोशी के साथ किया गया। बच्चों के पहले स्कूल दिवस को यादगार बनाने के लिए पूरे परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक हस्तनिर्मित सजावट एवं रचनात्मक कट-आउट्स से सजाया गया था।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। प्रवेश द्वार पर बच्चों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। परिसर में “We Are Ready for a New Journey” थीम पर तैयार आकर्षक फोटो बूथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ पहले दिन की यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।

प्रारंभ में कुछ बच्चे घर से पहली बार दूर होने के कारण थोड़े संकोच और भावुक नजर आए, लेकिन शिक्षकों के स्नेहपूर्ण व्यवहार, रोचक गतिविधियों और आनंदमय वातावरण ने जल्द ही उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से हेमंतो मुखर्जी ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल एवं सफल शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और परिवार की साझी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय के इस आत्मीय स्वागत और सुव्यवस्थित आयोजन की अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए यादगार शुरुआत बताया।

