'सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा' अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 24 चालकों पर कार्रवाई, सभी वाहन जब्त - vedantsamachar.in

‘सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा’ अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 24 चालकों पर कार्रवाई, सभी वाहन जब्त

कोरबा, 11 जुलाई (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा’ अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 24 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान कार्रवाई की जद में आए वाहनों में 17 दोपहिया और 7 चारपहिया वाहन शामिल हैं। सभी वाहन चालकों का नियमानुसार परीक्षण करने के बाद उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने सभी 24 वाहनों को जब्त कर लिया है, जिन्हें नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।