कोटा ब्लॉक के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण, विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प - vedantsamachar.in

कोटा ब्लॉक के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण, विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

बिलासपुर,11 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने पौधारोपण कर किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने हरे रंग की वेशभूषा पहनकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।

विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने घरों से लाए पौधों का विद्यालय परिसर में रोपण किया। इस दौरान प्रत्येक विद्यार्थी ने अपने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल करने और उसे सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को भी सशक्त करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों को अपने मित्र की तरह सहेजने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।