रायगढ़ा (ओडिशा), 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। ओडिशा के रायगढ़ा जिले के चांदिली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-326 (NH-326) के किनारे एक काले रंग के बैग के भीतर युवती का शव बरामद किया गया। शव की हालत और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए सभी पुलिस थानों, चौकियों और जीआरपी को अलर्ट जारी करते हुए गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड का मिलान कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में चांदिली थाना कांड क्रमांक 198/2026, दिनांक 17 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है। उसकी लंबाई करीब 160 सेंटीमीटर है और रंग गेहुआं से गोरा है। बरामदगी के समय युवती ने लाल और हरे रंग के चेक डिजाइन वाला नाइट सूट पहन रखा था।
पुलिस के मुताबिक, शव रायगढ़ा और जे.के.पुर के बीच स्थित ग्राम खलीगुड़ा के पास, एनएच-326 पर हुंडई शोरूम के समीप सड़क किनारे एक काले रंग के बैग में छिपाकर रखा गया था। शव के दोनों हाथ बंधे हुए मिले, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती की मौत शव बरामद होने से करीब 7 से 10 दिन पहले हुई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चांदिली थाना पुलिस ने जिले सहित अन्य जिलों के सभी पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और जीआरपी को मृतका की पहचान कराने के लिए सूचना प्रसारित की है। पुलिस ने सभी इकाइयों से अपने-अपने गुमशुदगी रजिस्टर (MMR) और रिकॉर्ड की जांच कर इस हुलिये से मेल खाने वाली किसी भी लापता महिला की जानकारी तत्काल साझा करने को कहा है।
पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होते ही मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को मृतका के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल चांदिली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उत्तम कुमार साहू से संपर्क कर सकता है।
संपर्क नंबर: 7008685455

