रायपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 10 स्पा सेंटरों में आकस्मिक जांच, CCTV और दस्तावेजों की हुई गहन पड़ताल - vedantsamachar.in

रायपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 10 स्पा सेंटरों में आकस्मिक जांच, CCTV और दस्तावेजों की हुई गहन पड़ताल

रायपुर, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और स्पा सेंटरों के संचालन को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में संचालित 10 स्पा सेंटरों की गहन जांच की।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ थाना सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर के थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस ने सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अभिलेखों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की विस्तार से जांच की गई। साथ ही यह भी परखा गया कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार संचालित हो रहे हैं या नहीं तथा वहां किसी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि तो नहीं चल रही।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पा सेंटर संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने और शासन द्वारा जारी सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के आकस्मिक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।