बेमेतरा, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के चंदनु थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमा के पास एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव चादर में लिपटा हुआ और कई हिस्सों में मिला, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने की नीयत से शव को सुनसान क्षेत्र में लाकर फेंका गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। महिला का शव जिस हालत में मिला, उसे देखकर लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चंदनु थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञ घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं, ताकि हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और मृतका की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। साथ ही संभावित आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
चंदनु पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने के लिए सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद ग्राम तुमा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की शीघ्र जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

