नई दिल्ली, 10 जुलाई: भारत में एक बार फिर से कोरोना वायरस की वापसी हो गई है. आंध्र प्रदेश के कडप्पा में कोरोना वायरस से 46 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है. यह जानकारी जिला मेडिकल और हेल्थ ऑफिसर रवि बाबू ने गुरुवार को दी. उन्होंने बताया कि मरीज को दवाओं से भी आराम नहीं मिला और चार दिन के इलाज के बाद उसकी जान चली गई. मृतक शराब का आदी था और उसे तेज सांस लेने में दिक्कत और खांसी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रवि बाबू ने पीटीआई को बताया कि कडप्पा के मासापेटा इलाके का यह व्यक्ति कोरोना वायरस से जूझ रहा था.
उन्होंने कहा कि मरीज शराब पीने का आदी था और उसे सांस लेने में गंभीर तकलीफ के साथ खांसी भी हो रही थी. जब अस्पताल में उसका एक्स-रे किया गया तो पता चला कि उसके दोनों फेफड़े पूरी तरह खराब हो चुके थे. इस वजह से उसे निमोनिया भी हो गया था. डॉक्टरों ने शुरुआत में मरीज को तेज डोज वाली एंटीबायोटिक दवाएं दीं, लेकिन चार दिन तक इलाज चलने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं आया. इसके बाद डॉक्टरों को शक हुआ कि यह कोरोना वायरस संक्रमण भी हो सकता है.
मरीज की छाती का सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो गई. रवि बाबू ने बताया कि मरीज की मौत के बाद इलाके में जरूरी कदम उठाए गए हैं. इसमें जगह की सफाई और सैनिटाइजेशन कराया गया है. साथ ही मृतक के संपर्क में आए लोगों की भी पहचान की जा रही है. इसमें उसके करीबी संपर्क और उनके संपर्क में आए दूसरे लोग, दोनों शामिल हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके.

