रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ राज्य सरकार के सख्त रुख का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘जीरो टॉलरेंस’ निर्देशों के बाद खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज विभाग ने बीते दो दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त 1 पोकलेन मशीन और 6 हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया गया। खनिज विभाग की टीम ने सोमवार और मंगलवार को लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के मामलों का खुलासा किया।
सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-07-CR-7715 और CG-13-AQ-0321 में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें जब्त कर सारंगढ़ थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया।
इसके बाद मंगलवार को सारंगढ़ क्षेत्र में पुनः निरीक्षण के दौरान गौण खनिज चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो और हाईवा वाहन पकड़े गए। वाहन क्रमांक CG-13-BB-2721 और CG-13-BB-2321 के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें भी सारंगढ़ थाना की सुपुर्दगी में रखा गया।
खनिज विभाग की टीम ने उप तहसील कोसीर के ग्राम पंचायत पासीद में औचक निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन में प्रयुक्त एक पोकलेन मशीन जब्त की गई। मशीन को स्थानीय ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में दिया गया है। वहीं अवैध रेत परिवहन में लगे दो अन्य हाईवा वाहन CG-06-HD-6457 और CG-11-BK-6697 को भी जब्त कर कोसीर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल व्यक्तियों एवं वाहनों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्य सरकार का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में खनिज माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगा।

