जांजगीर-चांपा में 7 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में 7 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा, 23 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 7 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बलौदा पुलिस को अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने दबिश देकर बंधन धनवार (42 वर्ष) निवासी धनवार पारा, चांदनिया, बलौदा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, जरायम बिंझवार, रोहित साहू तथा महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह कार्रवाई सफल हो सकी।