कोरबा, 07 अगस्त (वेदांत समाचार)। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम गिरारी में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक फूल सिंह राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
भूमिपूजन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रामभक्त, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, आदर्श, मर्यादा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम गिरारी में बनने वाला राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं होगा, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र भी बनेगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
विधायक ने ग्रामवासियों को मंदिर निर्माण के लिए बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का निर्माण समाज में एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने मंदिर निर्माण में सभी ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक फूल सिंह राठिया का आत्मीय स्वागत किया और मंदिर निर्माण को लेकर उत्साह व्यक्त किया। भूमिपूजन के साथ ही ग्राम गिरारी में लंबे समय से प्रतीक्षित राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ हो गया, जिसे क्षेत्र की धार्मिक आस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

