रायपुर, 07 अगस्त (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के पश्चिम क्षेत्र में पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक ही दिन में कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की हैं। पुलिस ने अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को दबोचा, गुमशुदा महिला को सकुशल खोजकर परिजनों को सौंपा और रास्ता भटक गई महिला यात्री की मदद कर उसे सुरक्षित घर पहुंचने की व्यवस्था की।पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और नागरिकों की सहायता के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई की गई।
थाना आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामसागरपारा स्थित आदेश्वर कॉम्प्लेक्स के पास कुछ लोग सट्टा-पट्टी के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और दो आरोपियों अमन यादव (22) तथा अजय राउत (20) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन, एक रियलमी मोबाइल फोन और 1,700 रुपये नकद जब्त किए। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी साहिल खान (19) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ थाना आजाद चौक में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

वहीं थाना सरस्वती नगर पुलिस ने मानवीय पहल का परिचय देते हुए एक महिला यात्री की सहायता की। भाटापारा निवासी महिला 5 अगस्त की रात गलती से सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन पर उतर गई थीं। महिला के पास घर पहुंचने के पर्याप्त साधन नहीं थे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित रायपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचाया और घर जाने के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई, जिसके बाद महिला सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकीं।
थाना डीडी नगर पुलिस ने गुमशुदा महिला की तलाश कर उसे सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और दस्तयाबी पंचनामा तैयार करने के बाद महिला को उनके परिजन कन्हैया देवांगन के सुपुर्द कर दिया गया।
रायपुर पश्चिम पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और जरूरतमंद लोगों की सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों का विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

