KORBA BREAKING:रिश्वत मांगने के आरोप में कटघोरा तहसील की सहायक ग्रेड-02 निलंबित... - vedantsamachar.in

KORBA BREAKING:रिश्वत मांगने के आरोप में कटघोरा तहसील की सहायक ग्रेड-02 निलंबित…

नकल जारी करने के एवज में अवैध राशि मांगने की शिकायत पर कलेक्टर की कार्रवाई, जांच पूरी होने तक पोंड़ीउपरोड़ा रहेगा मुख्यालय

कोरबा,22 जून (वेदांत समाचार)। जिले में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने भ्रष्टाचार के एक मामले में सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कटघोरा के समक्ष एक शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि तहसील कार्यालय में नकल जारी करने के बदले आवेदक किशन कुमार से अवैध राशि की मांग की गई। शिकायत के समर्थन में एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई थी।

मामले की जांच एवं परीक्षण के बाद एसडीएम कटघोरा ने शिकायत को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की और अपना प्रतिवेदन जिला प्रशासन को भेजा।

प्रतिवेदन के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर ने पाया कि संबंधित कर्मचारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत है। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत कार्रवाई करते हुए मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ीउपरोड़ा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें इस अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा आम नागरिकों से अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई सुशासन, पारदर्शिता और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।