जशपुर में निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर पीडब्ल्यूडी सचिव नाराज, फोरलेन सड़क प्रस्ताव भेजने के निर्देश - vedantsamachar.in

जशपुर में निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर पीडब्ल्यूडी सचिव नाराज, फोरलेन सड़क प्रस्ताव भेजने के निर्देश

जशपुर, 19 जून (वेदांत समाचार)। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को जशपुर जिले में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी सचिव ने जशपुर जिले के रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग तथा मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज तक पहुंच को बेहतर और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग के लिए फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

इसके बाद श्री बंसल ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की रीढ़ हैं, इसलिए इनमें किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के सचिव ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।

बैठक और निरीक्षण के दौरान जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में चल रही अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों को विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को फोरलेन बनाने की पहल से आने वाले समय में क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।