आवास मेला-2025 के लक्की ड्रॉ की घोषणा 22 जून को, मारुति स्विफ्ट कार समेत मिलेंगे आकर्षक उपहार - vedantsamachar.in

आवास मेला-2025 के लक्की ड्रॉ की घोषणा 22 जून को, मारुति स्विफ्ट कार समेत मिलेंगे आकर्षक उपहार

रायपुर, 19 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित आवास मेला-2025 के अंतर्गत संपत्ति खरीदने वाले हितग्राहियों के लिए बहुप्रतीक्षित लक्की ड्रॉ का आयोजन 22 जून 2026 को किया जाएगा। इस विशेष लक्की ड्रॉ में पात्र हितग्राहियों को मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, टेलीविजन सहित कई आकर्षक उपहार जीतने का मौका मिलेगा।

गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025-26 में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बिक्री के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच मंडल ने करीब 5,145 संपत्तियों का विक्रय किया, जिनका कुल मूल्य 1,104 करोड़ रुपये से अधिक रहा। यह उपलब्धि मंडल के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक वार्षिक बिक्री मानी जा रही है।

राज्य शासन द्वारा संचालित वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस-2) योजना ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। योजना के तहत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट दी गई, जिसके परिणामस्वरूप 1,533 संपत्तियों की बिक्री हुई। इस योजना के माध्यम से लगभग 232.30 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां विक्रय की गईं और बड़ी संख्या में मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को लाभ मिला।

गौरतलब है कि 23 से 26 नवंबर 2025 तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मेले का शुभारंभ किया था। आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन और गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में आयोजित इस चार दिवसीय मेले को प्रदेशभर के नागरिकों से व्यापक समर्थन और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

मेले के दौरान गृह निर्माण मंडल ने प्रदेश के 26 जिलों में लगभग 2,080 करोड़ रुपये की लागत से 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया था। इसके अलावा करीब 305 करोड़ रुपये मूल्य की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का विक्रय भी किया गया, जिससे मंडल की योजनाओं के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ।

मंडल के अनुसार आवास मेला-2025 के दौरान तथा इसके बाद 31 दिसंबर 2025 तक विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कराकर भवन आबंटन प्राप्त करने वाले पात्र हितग्राही इस लक्की ड्रॉ में शामिल किए जाएंगे।

लक्की ड्रॉ का आयोजन 22 जून 2026, सोमवार को दोपहर 3 बजे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर में किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की उपस्थिति में लॉटरी पद्धति से विजेताओं का चयन किया जाएगा।

गृह निर्माण मंडल ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे इस अवसर पर उपस्थित होकर लॉटरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन करें। मंडल का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी, जिससे सभी प्रतिभागियों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।