फॉर्च्यूनर कार के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी, फरार आरोपी विवेक डडसेना गिरफ्तार - vedantsamachar.in

फॉर्च्यूनर कार के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी, फरार आरोपी विवेक डडसेना गिरफ्तार

चांपा पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से दबोचा आरोपी, फर्जी चेक देकर किया था धोखाधड़ी का प्रयास

जांजगीर-चांपा, 19 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने फॉर्च्यूनर वाहन को गिरवी रखने और बेचने का झांसा देकर रकम हासिल की थी, लेकिन बाद में वाहन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फर्जी चेक देकर उसे गुमराह करने की कोशिश की। चेक बाउंस होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में चांपा पुलिस ने साइबर तकनीक और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विवेक डडसेना पिता लक्ष्मीप्रसाद डडसेना, निवासी ग्राम करनौद थाना बिर्रा के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के सर्वमंगला नगर दुरपा निवासी चंद्रप्रकाश जायसवाल ने 27 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2024 को उसने आरोपी विवेक डडसेना से फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 11 BN 1748 को गिरवी रखने अथवा खरीदने के लिए 20 लाख रुपये का सौदा किया था।

आरोपी ने वाहन को अपने पास होने और सौदा पूरा करने का भरोसा दिलाकर रकम प्राप्त कर ली। बाद में उसने उक्त वाहन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब चंद्रप्रकाश जायसवाल ने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी ने एक चेक दिया, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने साइबर तकनीक और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग का सहारा लिया।

लगातार निगरानी के बाद 19 जून 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान विवेक डडसेना ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन खरीदी-बिक्री या गिरवी से जुड़े किसी भी बड़े लेन-देन से पहले वाहन के दस्तावेजों, मालिकाना हक और वैधानिक स्थिति की पूरी जांच अवश्य करें। साथ ही बड़े वित्तीय लेन-देन बैंकिंग माध्यमों से करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक श्याम राठौर, प्रकाश द्विवेदी तथा थाना बिर्रा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।