जगदलपुर, 16 जून 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन छिपा रहा था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र की मदद से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना कोतवाली जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उत्तर प्रदेश निवासी रवि कुमार राजभर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे दोस्ती की और प्रेम संबंध का झांसा देकर उसे अपने विश्वास में लिया। आरोपी ने युवती को जगदलपुर में मिलने के लिए बुलाया और शहर के एक होटल में बातचीत के बहाने ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार युवती का शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने उससे मिलने से इनकार कर दिया तो वह अश्लील वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने घर पर नहीं रह रहा था और लगातार स्थान बदल रहा था। इसके बाद पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।
काफी प्रयासों और मुखबिरों की सहायता से पुलिस ने मऊ जिले के नसीराबाद क्षेत्र में आरोपी रवि कुमार राजभर (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मोबाइल फोन की जांच में पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक सतीश यादव, मीना यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

