IND vs SL: जसप्रीत बुमराह हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर, ये है बड़ी वजह - vedantsamachar.in

IND vs SL: जसप्रीत बुमराह हुए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर, ये है बड़ी वजह

नई दिल्ली,02 अगस्त : भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसी खबर है कि उनके बाएं घुटने में समस्या बरकरार है, जिसके चलते अब उनका श्रीलंका जाना मुश्किल है. इससे पहले श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का जब सेलेक्शन हुआ था तो बुमराह को उसमें चुना गया था. हालांकि, तब भी कंडीशन यही थी कि अगर वो फिट हुए तो ही श्रीलंका जाएंगे.

श्रीलंका दौरे से बुमराह बाहर
भारतीय टीम को 4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होना है. उससे पहले आई बुमराह के बाहर होने की खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज WTC में अपनी जगह को मजबूत करने के मकसद से टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है.

बुमराह के बाएं घुटने में समस्या, आराम की सलाह
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआती जांच में ही बुमराह के बाएं घुटने में हो रही परेशानी का पता चला, जिसके बाद मेडिकल टीम ने बजाए बुमराह को श्रीलंका भेजने के उन्हें फुल टाइम रिकवरी की सलाह दी.

टाइम्स ऑफ इंडिया को सूत्रों ने बताया कि बुमराह के मामले में कोताही नहीं बरती जा सकती. इसलिए उनकी फुल रिकवरी ही पहला लक्ष्य है. सूत्रों ने बताया कि इस साल अभी काफी क्रिकेट होने हैं. आगे एशियन गेम्स है, न्यूजीलैंड का दौरा है, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी है, जहां टीम इंडिया को बुमराह की जरूरत पड़ेगी.

बुमराह की जगह लेगा कौन?
बुमराह के श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद अब बड़ा सवाल ये है कि टीम में उनकी जगह कौन लेगा? TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, आकिब नबी का नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहा है, जो टीम के साथ ट्रेनिंग भी कर रहे हैं.

आकिब नबी ने जम्मू कश्मीर के लिए घरेलू क्रिकेट में तो अच्छा प्रदर्शन किया ही है. अभी हाल ही में इंडिया ए के साथ श्रीलंका के दौरे पर खेले 2 रेड बॉल मैच में भी उन्होंने 6 विकेट चटकाए थे.