जगदलपुर, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बोधघाट क्षेत्र में संचालित दो अलग-अलग जुए के फड़ पर छापेमारी कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते, दरी और तीन वाहन सहित कुल 5,36,080 रुपये का माल जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाश नगर चौक और आकाश नगर स्थित पानी टंकी के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा के नेतृत्व में थाना बोधघाट पुलिस और पैंथर टीम-01 एवं टीम-02 की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर एक साथ घेराबंदी कर दबिश दी। अचानक पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 12 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 44,080 रुपये नकद, 52-52 पत्तों के दो ताश सेट, दो दरी, 12 मोबाइल फोन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटर जब्त किया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 5,36,080 रुपये बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक पाठक, मुकेश हिडमा, अभिषेक दास, शौर्य बघेल, विशाल साव, शालेम कुमार, राहुल गुप्ता, भरत सिंग, निखिल कुमार, रितिश नाथ, आकाश साव और विवेक साव शामिल हैं। सभी आरोपी जगदलपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध जुआ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सरगना की तलाश भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर, अखिलेश नाग, लखेश्वर बघेल, आरक्षक युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, संदीप राणा, विद्या भूषण, चालक मानकू कोर्राम तथा पैंथर टीम-01 और टीम-02 की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

