कटघोरा में राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर: छात्राओं को यातायात नियमों और नशा मुक्ति का दिया गया संदेश - vedantsamachar.in

कटघोरा में राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर: छात्राओं को यातायात नियमों और नशा मुक्ति का दिया गया संदेश

कोरबा/कटघोरा, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। कटघोरा स्थित सांस्कृतिक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के दौरान पुलिस विभाग की ओर से छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में डीएसपी ज्योतना चौघाटी के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित चलने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस दौरान अधिकारियों ने नशे के दुष्परिणामों पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। छात्राओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

शिविर में थाना प्रभारी कटघोरा बी. पटेल, सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ईश्वरी लहरे, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह साहेब खटकर तथा आरक्षक मनोज मरकंडेय ने छात्राओं से संवाद कर यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए और दैनिक जीवन में सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी।

प्रशिक्षण शिविर में मौजूद छात्राओं ने जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और यातायात नियमों का पालन करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।