दुर्ग, 16 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.518 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का गांजा, नगदी रकम, मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जून को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवाला शिवधाम के पास स्थित एक खाली मैदान में दो युवक स्कूटी में गांजा रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की बोरी में रखा हुआ कुल 5.518 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 79 हजार 100 रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपये नगद, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक ओप्पो रेनो मोबाइल तथा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी क्रमांक CG 07 CT 3666 भी जब्त की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की बिक्री कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27(क) के तहत अपराध क्रमांक 317/2026 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित देवांगन (23 वर्ष) और दश पासवान (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के नदगैया पारा स्थित दुर्गा मंदिर के पास के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसने सूचना संकलन, घेराबंदी और त्वरित कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नशे या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहयोग बेहद आवश्यक है और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

