रायपुर, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों की सुरक्षा और जेल परिसर की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से मुलाकात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित सामग्रियों को अब जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है।
जेल प्रशासन के अनुसार, बीते माह बंदियों से मुलाकात के दौरान कुछ परिजनों द्वारा दैनिक उपयोग की सामग्री के बीच प्रतिबंधित वस्तुएं छिपाकर जेल परिसर में पहुंचाने का प्रयास किया गया था। हालांकि जेल प्रशासन की सतर्कता और सघन तलाशी व्यवस्था के कारण ऐसे सभी प्रयासों को विफल कर दिया गया। जांच के दौरान प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने बताया कि जेल की सुरक्षा, अनुशासन और प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत बंदियों के उपयोग की कुछ आवश्यक सामग्री अब जेल कैंटीन से ही उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि अन्य सभी स्वीकृत सामग्री बंदियों के परिजन पूर्व की तरह निर्धारित नियमों के अनुसार उपलब्ध करा सकेंगे। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था स्थायी नहीं है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एहतियाती कदम के रूप में लागू की गई है।
जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जा रही सभी सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही इन सामग्रियों की कीमतें सामान्य बाजार दरों से कम निर्धारित की गई हैं, ताकि बंदियों के परिजनों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े।जेल प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए समय-समय पर आवश्यक कदम उठाए जाते हैं और बंदियों, मुलाकातियों तथा जेल परिसर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

