कोरबा प्रेस क्लब चुनाव में विजयी प्रत्याशियों को अन्नधरी माता के आशीर्वाद का श्रेय, मंदिर प्रबंधन ने जताई खुशी - vedantsamachar.in

कोरबा प्रेस क्लब चुनाव में विजयी प्रत्याशियों को अन्नधरी माता के आशीर्वाद का श्रेय, मंदिर प्रबंधन ने जताई खुशी

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब के हाल ही में संपन्न हुए चुनाव के बाद श्री श्री अन्नधरी माता मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों ने विजयी प्रत्याशियों की सफलता को माता रानी के आशीर्वाद का परिणाम बताया है। मंदिर की मुख्य सेविका एवं पत्रकार डॉ. निर्मला शर्मा ने कहा कि चुनाव से पूर्व कई प्रत्याशियों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की, विजय तिलक लगवाया और अपनी जीत के लिए आशीर्वाद मांगा था।

डॉ. शर्मा के अनुसार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित नौशाद खान, सचिव पद पर दिनेश राज, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, संरक्षक कमलेश यादव तथा कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन सहित अन्य प्रत्याशियों ने मंदिर में दर्शन कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया था। उन्होंने दावा किया कि जिन प्रत्याशियों ने मंदिर में मनोकामना की, उन्हें चुनाव में सफलता मिली।

उन्होंने कहा कि अन्नधरी माता मंदिर में वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था बनी हुई है और अनेक लोग अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए यहां आते हैं। मंदिर प्रबंधन का मानना है कि माता रानी के प्रति श्रद्धा और विश्वास लोगों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

डॉ. निर्मला शर्मा ने नवनिर्वाचित कोरबा प्रेस क्लब कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम पत्रकार हितों की रक्षा, प्रेस क्लब की गरिमा बढ़ाने तथा पत्रकारिता के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित पदाधिकारियों से यह अपेक्षा की गई है कि वे संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे।

उल्लेखनीय है कि कोरबा प्रेस क्लब का चुनाव जिले के प्रतिष्ठित चुनावों में माना जाता है और इस बार भी शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में मतदान एवं मतगणना संपन्न हुई। चुनाव परिणामों के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करते हुए कहा कि अन्नधरी माता रानी की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे।