रायगढ़, 15 जून (वेदांत समाचार)। एनटीपीसी लारा द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत बालिकायों का व्यक्तित्व विकास के लिए पिछले 5 वर्षों से बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम आयोजन किया जा रहा है। इन 5 वर्षों में एनटीपीसी लारा द्वारा आसपास के ग्रामों के 10 से 11 साल की आयु वर्ग में 250 बालिकाओं की व्यक्तित्व विकास कर उनको सपने देखने और उन सपनों को साकार करने की लिए उनको प्रेरित किया है। पिछले 11 जून को समापन समारोह में बालिकाओं की इस व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम में निदेशक (ईंधन) शिवम श्रीवास्तव तथा श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव, वरिष्ठ सदस्या, संयुक्त महिला समिति सम्मिलित हो कर प्रतिभागी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उनहोंने कहा बालिका सशक्तिकरण केवल सामाजिक विकास का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब एक बालिका शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र पर पड़ता है।
वर्ष 2018 में NTPC द्वारा प्रारंभ किया गया बालिका सशक्तिकरण अभियान कंपनी की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास के माध्यम से सशक्त बनाना है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक देशभर में 13,000 से अधिक बालिकाओं को लाभान्वित एवं सशक्त बनाया जा चुका है।

NTPC लारा वर्ष 2022 से इस अभियान का सफल संचालन कर रहा है तथा अब तक परियोजना के आसपास के गांवों की लगभग 250 बालिकाएँ इस पहल से लाभान्वित हो चुकी हैं। NTPC लारा अपने परियोजना क्षेत्र के आसपास के ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा बच्चों एवं युवाओं के लिए समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, खेल, कौशल विकास एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।
इसी क्रम में वर्ष 2026 में आसपास के गांवों से चयनित 90 बालिकाओं ने एक माह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान बालिकाओं को योग, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, खेलकूद, कला एवं शिल्प, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा विभिन्न जीवनोपयोगी विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता तथा सकारात्मक सोच का विकास करना था।

श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव ने प्रतिभागी बालिकाओं द्वारा प्रदर्शित आत्मविश्वास, प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका में असीम संभावनाएँ निहित हैं, जिन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन के माध्यम से नई दिशा दी जा सकती है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रतिभागी बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बालिकाओं ने लोकनृत्य, योग प्रदर्शन, आत्मरक्षा प्रदर्शन, नाट्य प्रस्तुतियों तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर सुभाष ठाकुर, परियोजना प्रमुख, NTPC लारा ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान जैसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा भावी पीढ़ी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
समारोह के दौरान प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और उपलब्धि के भाव के साथ हुआ।
बालिका सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से NTPC न केवल देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, बालिकाओं को आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

