कोरबा, 14 जून (वेदांत समाचार)। कोरबा प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। मतदान समाप्त होते ही मतों की गिनती शुरू कर दी गई है और अब कुछ ही देर में विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर प्रेस क्लब के सदस्यों, प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
इस बार के चुनाव में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। प्रेस क्लब के कुल 166 पंजीकृत मतदाताओं में से 165 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। केवल एक सदस्य की अनुपस्थिति के कारण मतदान प्रतिशत शत-प्रतिशत से मामूली अंतर से चूक गया। इसे प्रेस क्लब के इतिहास में सबसे अधिक मतदान प्रतिशतों में से एक माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल और निर्वाचन समिति के सदस्यों की निगरानी में मतगणना का कार्य किया जा रहा है। मतपत्रों की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के तहत क्रमबद्ध तरीके से की जा रही है, जिससे परिणामों की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार सबसे पहले कार्यकारिणी सदस्य पद के मतों की गिनती की जा रही है। इसके बाद उपसचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, अध्यक्ष और अंत में संरक्षक पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी की तस्वीर भी साफ होती जाएगी।
मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रेस क्लब परिसर में हलचल बढ़ गई है। विभिन्न पदों के प्रत्याशी और उनके समर्थक परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हर दौर की गिनती के साथ चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं और जीत-हार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कोरबा प्रेस क्लब को अगले दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी और नेतृत्व मिल जाएगा।

