निर्माणाधीन मकान से 1.30 लाख के AC और पंखे चोरी, दो सगे भाई गिरफ्तार, CCTV फुटेज से खुला राज... - vedantsamachar.in

निर्माणाधीन मकान से 1.30 लाख के AC और पंखे चोरी, दो सगे भाई गिरफ्तार, CCTV फुटेज से खुला राज…

जांजगीर-चांपा,14जून (वेदांत समाचार)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से एयर कंडीशनर और सीलिंग फैन चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य के चार एयर कंडीशनर और दो सीलिंग फैन चोरी किए थे। पुलिस ने चोरी का पूरा माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, झलमला रोड नरियरा निवासी राहुल अग्रवाल ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए 17 एयर कंडीशनर और चार सीलिंग फैन सुरक्षित रखे थे। 31 मई की सुबह काम करने वाले कर्मचारी विकास ने उन्हें सूचना दी कि मकान के कमरे का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर चार एयर कंडीशनर और दो सीलिंग फैन गायब मिले। अज्ञात चोर लगभग 1.30 लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए थे।

शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे एक संदिग्ध युवक की पहचान बनाहिल निवासी अमित केंवट के रूप में हुई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमित अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों और गहन पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर निर्माणाधीन मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11 ZE-1377 बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित केंवट (22 वर्ष) और अमर केंवट (24 वर्ष), दोनों निवासी बनाहिल चट्टान पारा, थाना मुलमुला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रमोद महार, फूलेश्वर सिदार, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक राजेश कश्यप, मनभावन पटेल, भूपेन्द्र कंवर, मनोहर जगत, गोपेश्वर पटेल, रामगोपाल भारती एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।