किसान क्रेडिट कार्ड खाते से 1.75 लाख पार, साइबर ठगी का मामला दर्ज... - vedantsamachar.in

किसान क्रेडिट कार्ड खाते से 1.75 लाख पार, साइबर ठगी का मामला दर्ज…

बिलासपुर,13 जून (वेदांत समाचार)। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मल्हार निवासी एक किसान के बैंक ऑफ बड़ौदा के किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने करीब एक लाख 75 हजार रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी नरेंद्र कुमार धृतलहरे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के किसान क्रेडिट कार्ड खाते से 5 जून से 11 जून के बीच कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए।

अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम और अन्य ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर खाते से कुल 1 लाख 75 हजार 503 रुपये 55 पैसे निकाल लिए। पीड़ित को इस ठगी की जानकारी तब हुई जब उन्होंने अपने खाते का बैंक स्टेटमेंट जांचा। स्टेटमेंट देखने पर खाते से बड़ी रकम निकाले जाने का खुलासा हुआ। ठगी का पता चलते ही उन्होंने बैंक प्रबंधन से संपर्क किया, जिसके बाद खाते को तत्काल होल्ड कराया गया। उस समय खाते में केवल 44 हजार 312 रुपये ही शेष बचे थे। मामले की शिकायत पहले मल्हार चौकी में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।