आंधी-तूफान ने बालोद में मचाई तबाही, कहीं रोड में गिरा पेड़ तो कहीं मोबाइल टॉवर और बिजली पोल... - vedantsamachar.in

आंधी-तूफान ने बालोद में मचाई तबाही, कहीं रोड में गिरा पेड़ तो कहीं मोबाइल टॉवर और बिजली पोल…

बालोद, 12 जून (वेदांत समाचार)। जिले में गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. अचानक बदले मौसम ने कई क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया. भेड़िया नवागांव समेत 50 से अधिक गांवों में मोबाइल टॉवर, बिजली के खंभे और कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए. इसके चलते कई गांवों में ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए हैं. तेज हवाओं के कारण जगह-जगह विशाल पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया. कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही घंटों तक प्रभावित रही.

भेड़िया नवागांव में बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर भी तेज आंधी की चपेट में आकर गिर गया. मोबाइल नेटवर्क ठप होने से लोगों को एक-दूसरे से संपर्क करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में अंधेरा छा गया. मौसम में बदलवा का असर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. कई क्षेत्रों में विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई. ग्रामीणों को अंधेरे और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. तेज आंधी के दौरान कई मकानों की छतों को भी नुकसान पहुंचा है. घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई. बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं. वहीं सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम किया जा रहा है.