राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में जीता सिल्वर मेडल, 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग में रचा इतिहास - vedantsamachar.in

राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में जीता सिल्वर मेडल, 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग में रचा इतिहास

राजनांदगांव, 27 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में ज्ञानेश्वरी ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।

ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में स्नैच राउंड में 88 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम का सफल प्रयास किया। दोनों राउंड के कुल प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने 199 किलोग्राम वजन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

राजनांदगांव की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिवार, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने ज्ञानेश्वरी की इस सफलता पर गर्व जताया है। कठिन मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर ज्ञानेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है।

ज्ञानेश्वरी यादव इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी इस सफलता को छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकती हैं।