छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, तनाव में काम करने के बताए गुर - vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, तनाव में काम करने के बताए गुर

रायपुर, 27 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान के तहत सोमवार को सेवा भवन, रायपुर में विशेष जागरूकता एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बिजली कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, मानसिक संतुलन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की बीके माधुरी दीदी, जो साइंटिस्ट, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट विंग (सीईए) की सदस्य हैं, ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक आपदाओं से पहले की तैयारी, मानसिक मजबूती और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरण और बढ़ती प्राकृतिक चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आपदा के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला ने कहा कि बिजली क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को अक्सर संकट और आपदा जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सबसे बड़ी चुनौती समय पर विद्युत आपूर्ति बहाल करना होती है, जिसके कारण कर्मचारियों पर मानसिक दबाव भी रहता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कर्मचारियों को तनाव नियंत्रित रखते हुए बेहतर निर्णय लेने और आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम की दूसरी वक्ता भावना दीदी ने प्रेरक प्रसंगों, कहानियों और मनोवैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से बताया कि किसी भी आपदा के दौरान घबराने के बजाय धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच बनाए रखना सबसे आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शांत मन और संतुलित व्यवहार से कठिन से कठिन परिस्थितियों का भी सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान देशभर में छह चरणों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में पानीपत से जम्मू, दूसरे चरण में माउंट आबू से महाराष्ट्र और तीसरे चरण में रायपुर से जबलपुर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) रश्मि वर्मा, मुख्य अभियंता शारदा सोनवानी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता भूषण लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।