रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 2026 में अब तक 3365 नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई, एक रात में 52 चालक पकड़े गए - vedantsamachar.in

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 2026 में अब तक 3365 नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई, एक रात में 52 चालक पकड़े गए

रायपुर, 11 जून (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वर्ष 2026 के दौरान अब तक कुल 3365 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं 7 जून 2026 की रात विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 52 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देश पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 3365 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया है। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है और इसे रोकने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

7 जून की रात एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने यातायात अधिकारियों एवं जवानों की टीमों ने वाहनों की जांच की।

विशेष अभियान के दौरान कुल 52 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस वाहन चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है तथा उन्हें नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने और ट्रैफिक सिग्नल एवं यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि रायपुर में सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।