मुंबई, 11 जून, 2026: सोनी सब का शो हस्तिनापुर के वीर महाभारत की कम जानी जाने वाली कहानियों को नए अंदाज़ में पेश करते हुए, दर्शकों को लगातार बाँधे हुए है। यह उन घटनाओं पर रोशनी डालता है, जिन्होंने हस्तिनापुर का भविष्य तय किया। जैसे-जैसे पांडव राज्य में बसते हैं और जनता का विश्वास व सम्मान जीतते हैं, उनकी बढ़ती मौजूदगी राजमहल के भीतर की परिस्थितियों को प्रभावित करने लगती है। यही बदलाव नई चुनौतियाँ पैदा करता है और पांडवों व कौरवों के बीच की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता की नींव रखता है।
आने वाले एपिसोड्स में युधिष्ठिर (अथर खान), भीम (सुभाष), अर्जुन (उर्वा सविलिया), नकुल (हरित गबानी) और सहदेव (मयंक यादव) हस्तिनापुर की परिस्थितियों को और बदलते दिखेंगे, जो दुर्योधन (अय्युध भानुशाली) को बिल्कुल पसंद नहीं आता। एक भव्य मेले के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच जाती है, जब एक हाथी बेकाबू होकर दौड़ पड़ता है और कई लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है। साहस दिखाते हुए भीम हाथी को रोकते हैं, वहीं कुंती (तोरल रसपुत्रा) और पांडव एक माँ और बच्चे को बचाने में मदद करते हैं।
हालाँकि, इस घटना से भीम को शक होता है। उसे लगता है कि हाथी का बेकाबू होना सिर्फ ऊपर से दिखने वाली बात नहीं है। वह जवाब तलाशना शुरू करता है। नए सुरागों को खोजते हुए भीम एक ऐसी सच्चाई के करीब पहुँचता है जो पांडवों और कौरवों के बीच बढ़ते तनाव को और गहरा सकती है।
क्या पांडवों और कौरवों के बीच बढ़ता तनाव हस्तिनापुर के भविष्य को बदल देगा?
कुंती का किरदार निभा रहीं तोरल रसपुत्रा बताती हैं, “कुंती हस्तिनापुर इस उम्मीद के साथ आती हैं कि उनके बेटे आखिरकार अपनापन महसूस करेंगे और राजपरिवार का हिस्सा बनेंगे। लेकिन, जैसे-जैसे पांडव साहस और मूल्यों के जरिए जनता का सम्मान जीतते हैं, वे महसूस करती हैं कि उनके चारों ओर ईर्ष्या और नाराज़गी का माहौल बनने लगा है। यह ट्रैक खूबसूरती से प्रदर्शित करता है कि कैसे छोटी-छोटी गलतफहमियाँ और असुरक्षाएँ धीरे-धीरे बड़ी टकराहट में बदल जाती हैं। कुंती के लिए सबसे बड़ा संघर्ष सिर्फ अपने बच्चों को बाहरी खतरों से बचाना नहीं है, बल्कि परिवार के भीतर रिश्तों को टूटते हुए देखना भी है। यह बेहद दिलचस्प है, क्योंकि दर्शक पहली बार पांडव-कौरव प्रतिद्वंद्विता की चिंगारी देखेंगे और समझेंगे कि यह संघर्ष युद्धभूमि से बहुत पहले शुरू हो गया था।”
देखना न भूलें हस्तिनापुर के वीर, सोमवार से शनिवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

