रायगढ़, 11 जून (वेदांत समाचार)। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 28 अप्रैल 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली से हुई थी। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होने लगी। आरोपी ने स्वयं को रायपुर निवासी तथा पेंट-पुट्टी ठेकेदारी का काम करने वाला बताते हुए महिला से विवाह करने का वादा किया था।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी 14 अक्टूबर 2023 को उसके घर पहुंचा था। परिवार के सदस्यों से मुलाकात करने के बाद उसने विवाह का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास के आधार पर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा और उसे कुडुमकेला स्थित किराए के मकान में अपने साथ रखकर वर्ष 2025 तक शारीरिक संबंध बनाता रहा।
महिला ने पुलिस को बताया कि 15 मई 2025 को आरोपी उसे रायगढ़ स्थित घर छोड़कर चला गया। इसके बाद 17 अप्रैल 2026 को वह दोबारा उसके घर पहुंचा, लेकिन इस बार उसने विवाह करने से साफ इंकार कर दिया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। विरोध करने पर उसने महिला के साथ गाली-गलौज की और धमकी देकर वहां से चला गया।
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना रायगढ़ ने अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार हो रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद महिला थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर पेटला क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। रायगढ़ लाकर पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली (36 वर्ष) निवासी माना कैंप वार्ड क्रमांक-07, थाना माना कैंप, जिला रायपुर का स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक परीक्षण कराने के बाद विधिवत गिरफ्तार किया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

